आर्य वीरांगना दल द्वारा आत्मरक्षा शिविर सम्पन्न – जैसलमेर
रानी लक्ष्मीबाई जयंती पर साहसी कार्यक्रम का आयोजन
आर्य वीर दल राजस्थान के प्रचार मंत्री गगेन्द्रसिंह आर्य ने बताया कि आर्य समाज के संस्थापक महर्षि दयानन्द सरस्वती की 200 वीं जयंती वर्ष पर विशेष रूप से जैसलमेर नगर की बालिकाओं को गैर आवासीय शिविर में 11 दिवसीय व्यायाम प्रशिक्षण एवं चरित्र निर्माण शिविर में आर्य वीरांगना दल जोधपुर से पधारी शिक्षिकाओं कृष्णा आर्या एवं नव्या आर्या ने 7 नवम्बर से 19 नवम्बर तक जैसलमेर में विभिन्न स्थानों पर योग व्यायाम, जुड़ो कराटे, नियुद्धम्, सेल्फ डिफेंस (आत्मरक्षा), सूर्य नमस्कार, आदि का प्रशिक्षण दिया। जिसका समापन समारोह मिशन साहसी कार्यक्रम झांसी की रानी लक्ष्मीबाई जयंती के अवसर पर शहीद पूनमसिंह प्रांगण जैसलमेर में किया गया।


अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद एवं राष्ट्रीय सेविका समिति के सहयोग से आर्य वीरांगना दल के निर्धारित पाठ्यक्रम अनुसार करणी बाल मंदिर उमावि इन्दिरा कालोनी, आदर्श विद्या मंदिर बालिका गांधी कालोनी, राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, राजकीय बालिका महाविद्यालय में प्रशिक्षण तथा मंगल सिंह पार्क में सायंकालीन शाखा लगाई गई। इन सभी स्थानों पर प्रशिक्षित छात्राओं का सामूहिक भव्य- दिव्य व्यायाम प्रदर्शन का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि स्काउट गाइड जैसलमेर के सीओ कृतिका पाराशर, विशिष्ट अतिथि संज्ञा देवी, जमना पुरोहित तथा अध्यक्षता दीया गायत्री परिवार से जुड़े मनीषा छंगाणी ने की। सभी अतिथियों ने वीरांगनाओं द्वारा प्रदर्शित साहसी कार्यक्रम की प्रशंसा की। अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं को स्मृति चिह्न तथा सभी 200 प्रतिभागी बालिकाओं को प्रमाणपत्र भेंट किए गए।

