आयुर्वेद उपचार पद्धति से जीवन बनाएं स्वस्थ
चरखी दादरी। सर्वहित साधना न्यास की ओर से गांव मानकावास में आयोजित व्यायाम शिविर में व्यायाम शिक्षक नारायण आर्य व राहुल आर्य ने युवकों को प्रणायाम करवाए। इस अवसर पर नारायण आर्य ने कहा कि चरक संहिता के अनुसार आयुर्वेद का प्रयोजन व्यक्ति के स्वास्थ्य का संरक्षण करना है। आयुर्वेदिक औषधियां ईश्वर प्रदत्त हैं।

इसलिए इनके इस्तेमाल से जीवन सुखी, तनाव मुक्त और रोग मुक्त बनता है। हमें जीवन शैली को ऋषियों से प्रदत्त जीवनचर्या के अनुरूप चलाना चाहिए। जीवन में संपूर्ण स्वास्थ्य आयुर्वेद को अपनाकर ही प्राप्त किया जा सकता है। आयुर्वेद प्रणाली से जुड़कर जीवन को स्वस्थ एवं सुखद बनाना चाहिए। इस अवसर पर बलवान सांगवान, मनोज कुमार, राहुल आर्य आदि की उपस्थिति रही।

